फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन ने ई-ऑफिस व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग को भी ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ स्वास्थ्य ने कहा कि शासन की ओर से ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करना सराहनीय पहल है, लेकिन इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कई कार्यालयों में कर्मचारियों को कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर और बैठकर कार्य करने की समुचित व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में ई-ऑफिस पर अपेक्षित कार्य करना कर्मचारियों के लिए कठिन हो रहा है।
जिला अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ स्वास्थ्य ने कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती और गंभीरता से अधिकारियों के समक्ष रखते हुए कहा कि संसाधनों के अभाव में कार्य प्रभावित होने के बावजूद कर्मचारियों के वेतन रोकने अथवा उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि पहले सभी संबंधित कार्यालयों में आवश्यक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, इसके बाद ही ई-ऑफिस पर कार्य की अपेक्षा की जाए।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि जब तक कंप्यूटर, लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर सहित आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक ई-ऑफिस पर कार्य पूरा न कर पाने के आधार पर किसी कर्मचारी का वेतन न रोका जाए और न ही उसका अनावश्यक उत्पीड़न किया जाए।
जिला अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ स्वास्थ्य की पहल की कर्मचारियों ने सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कर्मचारियों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से उठाकर संगठन की जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया है। संगठन ने अधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर ई-ऑफिस व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू कराने की मांग की है।
ई-ऑफिस पर संसाधन नहीं तो वेतन रोकने की कार्रवाई क्यों : सुरेंद्रनाथ अवस्थी


