फर्रुखाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की, जबकि मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत रहे। इस दौरान गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक के लिए शिक्षा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व को तराशने का अवसर है। शिक्षकों की पूरे वर्ष की मेहनत और लगन का प्रतिफल ही शिक्षक सम्मान है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ मोबाइल और इंटरनेट का सदुपयोग करने की सीख देने का आह्वान किया, ताकि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल मानव विकास और राष्ट्र की उन्नति में किया जा सके।
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि मनुष्य के जीवन में गुरु का होना ईश्वरीय कृपा के समान है। बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षकों की कार्यशैली पर निर्भर करता है। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों से अपने बच्चों को भी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि समाज के निर्माण में गुरु की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित शिक्षकों में फर्रुखाबाद की शिक्षिका गीता वर्मा भी शामिल हैं, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षक बच्चों को ज्ञान के साथ संस्कार भी दें, जिससे वे शिक्षित होने के साथ जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में 1576 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 13 विद्यालय पीएमश्री योजना के अंतर्गत हैं और कुल 1,47,515 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों समेत कुल 6269 कार्मिक कार्यरत हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, विधायक सुशील कुमार शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।


