कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में खेत की झोपड़ी में सो रहे 80 वर्षीय वृद्ध पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले वृद्ध के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुबह वृद्ध के खून से लथपथ मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
गांव हादी दादपुर मई निवासी रामसनेही पाल (80) गांव के बाहर सरकारी विद्यालय के पास स्थित अपने खेत में झोपड़ी डालकर रहते हैं। बताया गया कि बीती रात वह झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। वृद्ध के अनुसार, हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह चाय-नाश्ता लेकर खेत पहुंचे पुत्र सर्वेश कुमार और अन्य परिजनों ने रामसनेही को झोपड़ी में खून से लथपथ हालत में देखा। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग घबरा गए। उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वृद्ध को उपचार एवं मेडिकल जांच के लिए कायमगंज के सरकारी अस्पताल भेजा।
वृद्ध पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों का सुराग लगाने में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


