– बोले,‘जिनकी आस्था बाबर-औरंगजेब में, वे आपकी आस्था का सम्मान कैसे करेंगे?’
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की आस्था भगवान श्रीकृष्ण, प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब में होगी, वे सनातन आस्था का सम्मान कैसे कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग समाज में फिर से विष घोलने का प्रयास कर रहे हैं। उनके मुताबिक ऐसे तत्वों का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना और समाज विरोधी तथा राष्ट्र विरोधी ताकतों के हौसले बढ़ाना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसी मानसिकता के कारण प्रदेश की सुरक्षा, युवाओं का भविष्य, बहन-बेटियों की सुरक्षा और किसानों की खुशहाली प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व प्रदेश के कारीगरों और हस्तशिल्पियों की प्रगति में भी बाधा डालना चाहते हैं।


