मुंबई से पहुंचा था विमान, लैंडिंग के बाद हादसा; विमान के आगे के हिस्से को नुकसान
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर हवाई अड्डे पर मुंबई से पहुंचे इंडिगो के एक विमान के साथ लैंडिंग के बाद हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि रनवे पर उतरने के बाद विमान एक पोल से टकरा गया, जिससे विमान के आगे के नोज कोन हिस्से को नुकसान पहुंचा।
हादसे की जानकारी मिलते ही हवाई अड्डे पर संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर विमान का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर विमान के अगले हिस्से में हुई, जिससे नोज कोन सेक्शन क्षतिग्रस्त हुआ है।
हादसे के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति जरूर बनी, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी यात्री के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
अधिकारियों की ओर से विमान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हादसा किस वजह से हुआ और विमान पोल के संपर्क में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद विमान के परिचालन और तकनीकी स्थिति की भी जांच की जाएगी।


