29 C
Lucknow
Thursday, September 3, 2026

मुख्यमंत्री योगी ने बाढ़ पीड़ितों को दी राहत की सौगात

Must read

सीएम ने बाढ़ पीडितों के बीच पहुच कर, घूम-घूम कर लिये हालचाल

1000 परिवारों को बांटी किट; 31 को मिला जमीन का पट्टा

फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में गंगा की बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 1,000 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 26 प्रकार की सामग्री वाली राहत किट वितरित की। वहीं बाढ़ के कारण आश्रयहीन हुए 31 परिवारों को आवासीय भूमि का पट्टा सौंपा गया। मकान निर्माण के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया।

वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद को किया नमन

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से बाबा नीम करौरी की पावन धरा फर्रुखाबाद को नमन किया। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में आपदा से प्रभावित परिवारों के जीवन को संबल देने वाले कार्यक्रम में वह शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और आश्रयहीन परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाण-पत्र एवं आपदा मोचक निधि से राहत राशि दिए जाने की जानकारी भी साझा की।

मुख्यमंत्री ने संदेश में कहा कि संकट की प्रत्येक घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा में राहत से लेकर हर परिवार को छत उपलब्ध कराने को सरकार के जनकल्याणकारी प्रयासों का हिस्सा बताया।

वाटरप्रूफ पंडाल में जुटी बड़ी भीड़

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए पुलिस लाइन मैदान में करीब 6,000 वर्गमीटर क्षेत्र में वाटरप्रूफ पंडाल और मंच तैयार किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित परिवार और ग्रामीण पहुंचे। पंडाल लोगों से खचाखच भरा रहा। ग्रामीणों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए 174 बसों की व्यवस्था की गई थी।

हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे पुलिस लाइन मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। पीडब्ल्यूडी की ओर से 26×26 मीटर यानी 676 वर्गमीटर क्षेत्र में हेलीपैड तैयार कराया गया था। हेलीपैड से मंच तक मुख्यमंत्री के पहुंचने के लिए विशेष रास्ता बनाया गया था।

31 परिवारों को मिला आशियाने का सहारा

बाढ़ में घर गंवाने वाले 31 परिवारों को आवासीय भूमि का पट्टा दिए जाने के साथ मकान निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये प्रति परिवार की सहायता दी गई। इससे प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर दोबारा अपना घर बनाने का आधार मिला।

26 प्रकार की सामग्री वाली राहत किट वितरित

बाढ़ प्रभावित 1,000 परिवारों को मुख्यमंत्री ने राहत किट वितरित की। किट में 26 प्रकार की आवश्यक सामग्री शामिल रही। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरतों में मदद मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बाहर से 16 क्षेत्राधिकारी, छह अपर पुलिस अधीक्षक, 60 निरीक्षक, 300 उपनिरीक्षक और करीब 400 आरक्षी बुलाए गए थे। कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल की तैनाती रही।

दस स्थानों पर बनाई गई पार्किंग

कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए फतेहगढ़ क्षेत्र में 10 पार्किंग स्थल बनाए गए थे। जेजेआर गेस्ट हाउस, डीएन कॉलेज, कृष्णा लॉज, ऑफिसर्स क्लब के पीछे, रोडवेज वर्कशॉप, फतेहगढ़ स्टेडियम सहित अन्य स्थानों पर वाहनों को खड़ा कराया गया। सातनपुर मंडी में आपातकालीन पार्किंग की व्यवस्था भी की गई थी।

सफाई से लेकर यातायात तक रही विशेष तैयारी

कार्यक्रम से पहले पुलिस लाइन गेट से मैदान तक 100 से अधिक कर्मचारी सफाई व्यवस्था में जुटे रहे। मलेरिया विभाग ने एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। पीडब्ल्यूडी की ओर से तिर्वा तिराहे से पुलिस लाइन गेट तक करीब 275 मीटर इंटरलॉकिंग का काम कराया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और साफ-सफाई को लेकर विशेष इंतजाम किए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article