30 C
Lucknow
Sunday, August 30, 2026

आगरा खंड स्नातक चुनाव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक, जीत का लक्ष्य लेकर मैदान में जुटे कार्यकर्ता

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। आगरा खंड स्नातक चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से रविवार को विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के दलेलगंज स्थित एक शीतगृह में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि एवं आगरा खंड स्नातक क्षेत्र के एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी स्नातक चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने चुनाव में जीत को प्रमुख लक्ष्य बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बड़े पदाधिकारियों के प्रयास से नहीं जीता जा सकता, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका इसमें अहम होती है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ स्नातक मतदाताओं से लगातार संपर्क स्थापित करना जरूरी है।
बैठक के दौरान मतदाता सूची की समीक्षा, बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाता संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
मंडल प्रभारी विकास पांडे ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।
बैठक में मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रदेव दीक्षित, नवाबगंज सभासद शिवमंगल सिंह, यादवेंद्र सिंह परिहार, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रेनू त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पीयूष त्रिपाठी ने किया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत से जुटने तथा संगठन के प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए तन-मन से सहयोग करने का संकल्प लिया। बैठक में शमशाबाद ब्लॉक क्षेत्र के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article