प्रेम पुष्प गेस्ट हाउस में रूपरेखा तय, गोपाल बिश्नोई अध्यक्ष मनोनीत
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन निकलने वाली परम्परागत दधिकांदो यात्रा को इस वर्ष भव्य लोक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। इसे व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कस्बे के प्रेम पुष्प गेस्ट हाउस में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की पूरी रूपरेखा और जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन का गठन किया गया। गोपाल बिश्नोई को अध्यक्ष, नितेश माहेश्वरी को महामंत्री और पवन गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यात्रा की व्यवस्था इस प्रकार रहेगी –
लड्डू गोपाल की पालकी की व्यवस्था की जिम्मेदारी कन्हैया हलवाई और रंजन गुप्ता को सौंपी गई है। यात्रा के दौरान पालकी के आगे डीजे साउंड की व्यवस्था रहेगी, जबकि पालकी के पीछे श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
अध्यक्ष गोपाल बिश्नोई ने जानकारी दी कि जन्माष्टमी के अगले दिन दोपहर दो से तीन बजे के बीच लड्डू गोपाल का विधि-विधान से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद लड्डू गोपाल को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा।
यात्रा मुख्य मार्ग स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होकर तपस्वी वाले बाग तक जाएगी, वहां से रामलीला मैदान पहुंचेगी। वापसी में यह यात्रा रेलवे रोड होते हुए पुनः मुख्य मार्ग पर आएगी और राधा-कृष्ण मंदिर पर ही इसका समापन होगा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर गोपाल पालीवाल, हिना दवे, अंकुश गुप्ता, अनुभव गुप्ता और प्रबल वर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।


