32 C
Lucknow
Sunday, August 30, 2026

महिला अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

Must read

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिला वार्ड, शिशु वार्ड और एसएनसीयू का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों व संबंधित अधिकारियों से मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पीडियाट्रिक वार्ड में स्वीकृत पदों पर आवश्यक तैनाती के लिए शासन को तत्काल मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जब तक शासन स्तर से तैनाती नहीं होती, तब तक महिला अस्पताल में तैनात पीडियाट्रिशियन स्टाफ का सहयोग लेकर नवजात और बच्चों को समय से उपचार उपलब्ध कराया जाए।

एसएनसीयू वार्ड में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति देखने के बाद जिलाधिकारी ने आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों की आपूर्ति विवेकाधीन कोष से कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि बाहर रोस्टर के अनुसार सर्जरी करने वाले चिकित्सकों की सूची चस्पा की जाए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित चिकित्सक की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article