कायमगंज/फर्रुखाबाद
थाना कंपिल क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी रूप किशोर पुत्र पातीराम के साथ 27 अगस्त की देर शाम कथित लूट और मारपीट का मामला सामने आया। पीड़ित के अनुसार वह कायमगंज क्षेत्र के गांव जौरा लालपुर पट्टी में इत्र बेचकर अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोगों ने उसे रोककर रुपये छीनने का प्रयास किया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर बाइक सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे बाइक से बांधकर काफी दूर तक सड़क पर घसीटा, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं। आरोप है कि बदमाश करीब नौ हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित बेहोश हो गया और रातभर सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह किसी तरह वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने मामले की सूचना तत्काल कोतवाली कायमगंज पुलिस को दी। पुलिस द्वारा पीड़ित से पूछताछ किए जाने पर उसने श्याम सिंह और उनके दो अज्ञात साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने घायल पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा।
क्षेत्राधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित द्वारा लगाए गए लूट और मारपीट के आरोप प्रथम दृष्टया निराधार पाए गए हैं। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक दोनों पक्ष इत्र का व्यापार करते हैं और उनके बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर मतभेद चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश और आर्थिक लेनदेन के विवाद के चलते घटना को अलग रूप देने का प्रयास किया गया। क्षेत्राधिकारी के अनुसार जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कथित लूट की कहानी की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।


