ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के सोने का वीडियो वायरल होने पर लिया संज्ञान, सीएमएस को जांच के आदेश
कन्नौज। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मामला सामने आने के बाद समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कड़ा रुख अपनाया है। इमरजेंसी में डॉक्टर के सोने का वीडियो तीमारदार द्वारा बनाकर वायरल किए जाने के बाद मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री असीम अरुण ने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि कोई कर्मचारी या चिकित्सक दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बेहतर और जिम्मेदार स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की जांच के बाद जिम्मेदारी तय होने और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद है।


