मैनपुरी। उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यक्रम स्थल से चले जाने का कथित वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को मैनपुरी में विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और महाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर दी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वायरल वीडियो में महाना के राष्ट्रगान के दौरान मंच से नीचे उतरकर जाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आयोजकों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान का प्रतीक है। जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, दैनिक जागरण ने वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।


