लखनऊ। नगर निगम की ओर से 243 पशुओं की नीलामी के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। 58.89 लाख रुपये में हुई नीलामी का सपा कार्यकर्ताओं और आजाद समाज पार्टी के समर्थकों ने विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान सीतापुर से आए एक युवक के साथ मारपीट भी हुई।
सपा विधायक अरमान खान मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव को पत्र देकर इसे स्थगित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर बस से ईको गार्डन भेज दिया।
नगर निगम ने अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पकड़े गए 242 भैंस और एक भैंसे को अलग-अलग कांजी हाउस में रखा था। नीलामी में 37 लोगों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक बोलीदाता से 1.02 लाख रुपये की धरोहर राशि जमा कराई गई थी।
नीलामी में पीजीआई कांजी हाउस की 31 भैंसें 9.51 लाख, कान्हा उपवन की 71 भैंस व एक भैंसा 15.13 लाख और ठाकुरगंज की 40 भैंसें 12.01 लाख रुपये में नीलाम हुईं। नगर निगम का कहना है कि अवैध डेयरी संचालक दोबारा पशु खरीदकर कारोबार न शुरू कर सकें, इसलिए नीलामी की गई।


