32 C
Lucknow
Monday, August 24, 2026

किसानों का सर्वांगीण विकास आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता : कुलजीत सिंह

Must read

 

फर्रुखाबाद। कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने कहा कि किसानों का सर्वांगीण विकास आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल सके।

कुलजीत सिंह ने सोमवार को सर्किट हाउस में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, किसानों को मिल रहे लाभ और पात्र किसानों तक योजनाओं की पहुंच की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से वर्ष 2017 में कृषक समृद्धि आयोग का गठन किया गया था। इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी विकास को बढ़ावा देने सहित किसानों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।

आयोग के सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को योजनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और किसी भी पात्र किसान को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने कृषि से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया।

बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य और सहकारिता समेत कृषि से जुड़े विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। सदस्य ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार, एआर कॉपरेटिव अजय पालीवाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह और सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article