कंपिल: पर्यटन धर्मशाला के सामने खड़ी पूर्व प्रधान की कार को चोर चोरी कर ले गए। सीसी कैमरों में कार चोरी की घटना कैद हो गई। थाने के निकट से चोरी की इस घटना से पुलिस के गश्त की पोल खुल रही है। जिससे नगरवासियों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्र के गांव शाहपुर गंगपुर निवासी पूर्व प्रधान मेघसिंह थाने के निकट कंपिल स्थित मकान में रहते हैं। चार दिन पूर्व नगर में निकली यात्रा के दौरान उन्होंने अपनी कार घर के सामने से हटाकर थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित पर्यटन धर्मशाला के निकट खड़ी कर दी। 17 अगस्त की रात चोर कार चोरी कर ले गए। जबकि धर्मशाला के निकट स्थित ग्रामीण बैंक के गेट पर रात भर पुलिस पिकेट का पहरा रहता है। पीड़ित को चोरी की जानकारी 20 अगस्त की शाम करीब पांच बजे हुई। इसके बाद मेघसिंह ने आसपास लगे सीसी कैमरे खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति कार चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने शुक्रवार को थाना कंपिल पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और चोरी हुई कार की तलाश की जा रही है।


