34 C
Lucknow
Friday, August 21, 2026

ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत

Must read

 

फर्रुखाबाद। मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ढिलावल के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जहानगंज थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी मुकेश कुमार अग्निहोत्री (52) के रूप में हुई है। वह शहर की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में नौकरी करते थे। परिजनों के अनुसार, मुकेश रोज की तरह शुक्रवार सुबह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। ढिलावल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने घायल मुकेश को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। परिजनों के मुताबिक, मुकेश पिछले करीब 12 वर्षों से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे और साइकिल से ही ड्यूटी पर आते-जाते थे।

मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी मधु, तीन बच्चे सूर्यांश, प्रद्युम्न और प्रतीक्षा तथा मां गिरीश कुमारी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article