शाहजहांपुर।जैतीपुर: थाना क्षेत्र के नवादा मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कांवड़ियों को कुचलने के बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।सुबह के वक्त हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे हुआ। कांवड़ियों का एक जत्था बदायूं के बेलाडांडी से जल लेकर लौट रहा था। जैतीपुर थाना क्षेत्र के नवादा मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कुछ कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे थे, जबकि कुछ कांवड़ लेकर पैदल चल रहे थे। टक्कर मारने के बाद ट्रक पैदल चल रहे कांवड़ियों पर चढ़ता हुआ सड़क पर पलट गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल चार कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज शाहजहांपुर में चल रहा है। बरेली में इलाज के दौरान 20 वर्षीय अमन और 30 वर्षीय गुड्डू ने दम तोड़ दिया। घायलों में अंकित, मोहित, शिवम और नितिन शामिल हैं, जिनका इलाज अभी जारी है।
परिवारों में मचा कोहराम बताया जा रहा है कि ये सभी कांवड़िये जैतीपुर थाना क्षेत्र के वमिहाना गाँव के रहने वाले थे। वे अपने गाँव के शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। मृतक गुड्डू की शादी करीब आठ साल पहले आरती नाम की महिला से हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं है। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसकी तीन बहनें हैं। वहीं दूसरा मृतक अमन अपने दो भाइयों में छोटा था और उसकी पांच बहनें थीं। अमन अवविवाहित था। दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही गाँव पहुंची, मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में हुए एक दुखद सड़क हादसे में घायल दो कांवड़ियों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले की जानकारी देते हुए जैतीपुर थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी।
बेलाडांडी से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत, चार गंभीर रूप से घायल


