29 C
Lucknow
Tuesday, August 18, 2026

पत्नी-सास की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, चार घंटे में खुला डबल मर्डर का राज

Must read

– तलाक के विवाद में पत्नी और सास की हत्या की साजिश का पुलिस का दावा।
– मुठभेड़ में आरोपी पति के पैर में लगी गोली—स्कूटी, 2.31 लाख रुपये, तमंचा व कारतूस बरामद।

अनुराग तिवारी
भरथना (इटावा)। थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में मां-बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने करीब चार घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की पूरी साजिश मृतका महिला के पति मुकेश यादव ने रची थी। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश यादव और उसकी पत्नी के बीच तलाक का मामला विचाराधीन था। इसी पारिवारिक विवाद को हत्या की साजिश की वजह बताया जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं को कथित तौर पर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद सास की चाकू से और पत्नी की दरांती से हत्या किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

हत्या के बाद फरार होने की थी तैयारी
पुलिस का दावा है कि वारदात को अंजाम देने में शामिल लोगों को घटना के बाद फरार कराने के लिए ढाई लाख रुपये दिए गए थे। जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी पति तक पहुंची। गिरफ्तारी के लिए दबिश के दौरान आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में मुकेश यादव के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्कूटी और 2.31 लाख रुपये समेत हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाल रंग की स्कूटी, 2.31 लाख रुपये नकद, एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सोमवार को चंदेठी गांव में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब एक घर के भीतर मां-बेटी के शव खून से लथपथ हालत में मिले। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पारिवारिक विवाद को घटना के पीछे संभावित वजह माना था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज की और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंचने का दावा किया।
पुलिस के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल हथियार, फरारी के लिए जुटाई गई रकम और अन्य आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस की ओर से सामने रखी गई कहानी और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article