फर्रुखाबाद। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन का सजीव प्रसारण मंगलवार को विकास भवन सभागार में दिखाया गया। कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अध्यक्षता की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीआरडी जवान पुलिस विभाग के कर्मचारियों की तरह पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि पीआरडी जवान थानों, चौकियों, कांवड़ यात्रा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, गंगा यात्रा, कस्तूरबा विद्यालयों, न्यायालय, कलेक्ट्रेट, यातायात, बैंकों सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दे रहे हैं।
विधायक सुशील कुमार शाक्य ने बताया कि वर्ष 2019 तक पीआरडी जवानों को 250 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलता था। इसे 8 मार्च 2019 को 375 रुपये, 6 जनवरी 2022 को 395 रुपये और 1 अप्रैल 2025 को 500 रुपये किया गया। अब 18 अगस्त 2026 से ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। इससे प्रदेश के करीब 31 हजार पीआरडी जवान लाभान्वित होंगे।
उन्होंने बताया कि पीआरडी जवानों और उनके परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी शुरू की जा रही है। इस निर्णय पर मौजूद जवानों ने शासन-प्रशासन का आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला कमांडेंट पुष्पेंद्र यादव, अनुराग कमल सहित अधिकारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे।


