फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने सोमवार शाम फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। वह करीब 5:10 बजे विशेष ट्रेन से फतेहगढ़ पहुंचीं। उनके साथ रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीआरएम ने स्टेशन परिसर के बाहर चल रहे निर्माण कार्यों, रेलवे ट्रैक और प्लेटफॉर्म क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने रेल ट्रैक को बदलने से पहले की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-5 के आगे माल गोदाम के पास बन रहे रनिंग रूम का निरीक्षण करने जाते समय डीआरएम को रास्ते में भारी कीचड़ का सामना करना पड़ा। कीचड़ अधिक होने के कारण रास्ता बाधित था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को तत्काल रास्ते में ईंटें डालकर आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। ईंटें डाले जाने के बाद वह रनिंग रूम तक पहुंचीं और निर्माण कार्यों की स्थिति देखी।
डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों को जल्द पूरा कराने का प्रयास है। पुराने ट्रैक को बदलने के लिए भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने फतेहगढ़ रेलवे कॉलोनी में नवनिर्मित रेलवे गेस्ट हाउस का लोकार्पण किया। उन्होंने गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद रेलवे कॉलोनी स्थित पार्क में पौधरोपण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने भी पौधे लगाए।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीआरएम वीणा सिन्हा करीब 7:30 बजे कन्नौज के लिए रवाना हो गईं। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा, सीनियर डीओएम विजय कुमार यादव, सीनियर डीईएन विपिन कुमार यादव, स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे।


