नई दिल्ली: मुंबई के वांटेड अपराधी अख्तर मर्चेंट (Akhtar Merchant) को दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) से हिरासत में लिया गया है। अख्तर का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पूर्व सहयोगी के तौर पर सामने आता रहा है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश, रंगदारी, आपराधिक साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस (Red Corner Notice) भी जारी किया था।
इंटरपोल के रिकॉर्ड के मुताबिक, अख्तर मर्चेंट का जन्म 4 सितंबर 1965 को मुंबई में हुआ था और वह भारतीय नागरिक है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 384, 120B और 34 के तहत मामले दर्ज हैं। इन धाराओं में हत्या की कोशिश, रंगदारी, आपराधिक साजिश और साझा मंशा से अपराध करने जैसे आरोप शामिल हैं। इसके अलावा, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं, जिनमें अवैध हथियार और गोला-बारूद रखने से जुड़े आरोप शामिल हैं।
अख्तर मर्चेंट का नाम ड्रग्स और हथियारों की कथित तस्करी से जुड़े मामलों में भी सामने आया है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत भी कार्रवाई की गई है। यह कानून संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों से जुड़े मामलों में लागू किया जाता है।
अख्तर मर्चेंट को महाराष्ट्र एटीएस ने 2022 में गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद संबंधित एजेंसियां उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और इंटरपोल नोटिस के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही हैं। अख्तर का दाऊद इब्राहिम से पुराना कनेक्शन होने के कारण उसका नाम मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े मामलों में भी सामने आता रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर अब सबकी नजर है।


