लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री कल शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और राज्य में बन रहे औद्योगिक माहौल को लेकर आयोजित उत्तर प्रदेश निवेश कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जापान के प्रमुख उद्यमियों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी प्रस्तावित है। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों, औद्योगिक विकास और जापानी कंपनियों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार पिछले कुछ वर्षों से राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापानी उद्यमियों के सामने उत्तर प्रदेश की निवेश संभावनाओं और औद्योगिक नीतियों को रखेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश की आधारभूत संरचना, औद्योगिक गलियारों, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश अनुकूल नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कारोबारी अवसरों को प्रमुखता से रखा जा सकता है। जापानी कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश में निवेश के नए रास्ते तलाशने पर भी विचार-विमर्श होगा।
योगी सरकार का जोर राज्य में बड़े निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर है। विदेशी कंपनियों के निवेश से औद्योगिक इकाइयों के विस्तार और नई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद रहती है। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा इसी दिशा में निवेशकों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


