फर्रुखाबाद
सदर तहसील में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील समाधान दिवस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर समस्या की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए प्रभावी समाधान कराया जाए।
उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, खानापूर्ति या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 54, पुलिस विभाग की 25, विकास विभाग की चार, विद्युत विभाग की पांच, नगर पालिका परिषद की दो तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर चार शिकायतों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की निस्तारण स्थिति की भी समीक्षा की और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


