मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और लूटे गए जेवर बरामद
लखीमपुर खीरी में हुई लूट का भी पुलिस ने किया खुलासा
शाहजहांपुर। जनपद के जैतीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹10,000 का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर में भर्ती कराया है। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कांवर ड्यूटी के दौरान हुई चेकिंग प्राप्त विवरण के अनुसार, जैतीपुर थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ रात करीब 11 बजे कांवर ड्यूटी पर थे। इस दौरान टीम मरुआझाला पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी अजीजगंज, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। चंदन थाना जैतीपुर में दर्ज लूट के एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान उसका साथी शिवम अंधेरे का लाभ उठाकर झाड़ियों की तरफ फरार हो गया।
भारी मात्रा में माल और अवैध असलहा बरामद पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश चंदन के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, एक वीवो मोबाइल और ₹2040 नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, पुलिस को उसके पास से सफेद धातु की पायल और एक अन्य मोबाइल भी मिला है, जो कि बीते 17 जुलाई की रात लखीमपुर खीरी में हुई एक लूट की घटना से संबंधित हैं।इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।


