– अनिल कुमार बोले- किसान समाज का अपमान
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘चवन्नी को रुपया बना दिया, फिर भी छोड़ गए’ वाले बयान पर राष्ट्रीय लोकदल ने पलटवार किया है। आरएलडी के मंत्री अनिल कुमार ने अखिलेश यादव के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन पर किसान समाज और चौधरी चरण सिंह की विचारधारा के अपमान का आरोप लगाया।
अनिल कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान उनकी राजनीतिक सोच और अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का प्रदेश की राजनीति में अपना महत्वपूर्ण योगदान रहा है और समाजवादी पार्टी के अस्तित्व में भी आरएलडी की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने जीवनभर किसानों, मजदूरों और गांवों की आवाज को मजबूती देने का काम किया। ऐसे में किसान समाज से जुड़ी राजनीतिक ताकत के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। अनिल कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान पर विचार करना चाहिए।
हालांकि अखिलेश यादव ने अपने बयान में आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया था, लेकिन राजनीतिक हलकों में उनके बयान को जयंत चौधरी और आरएलडी से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी को लेकर आरएलडी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
अनिल कुमार ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी समाज या विचारधारा का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अखिलेश यादव पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर उसका जवाब भी देगी।


