लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और पेट्रोल में कथित मिलावट को लेकर सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि थानों और तहसीलों में आम लोगों को भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि थाने पहुंचने वाले लोगों की समस्या सुनने से पहले उनकी जेब देखी जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में ‘हथेली गरम, पुलिस नरम’ का कानून चल रहा है। उनका आरोप है कि बिना लेन-देन के आम लोगों को न्याय मिलना मुश्किल हो गया है।
सपा प्रमुख ने तहसीलों में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अपने काम कराने के लिए परेशान है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है और पार्टी के लोग सो नहीं पा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने देश के नागरिकों को अधिकार दिए हैं। संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में आम जनता के अधिकारों और समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने पेट्रोल में बड़े पैमाने पर मिलावट का भी आरोप लगाया और सरकार से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।


