अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां घर में अकेली रह रहीं आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी दोपहर बाद उस समय हुई, जब उनकी देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची।
परिजनों के अनुसार, आशंका है कि बीती रात चोर घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला दबा दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अयोध्या रेंज के आईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे लूट या चोरी की वजह थी अथवा कोई अन्य कारण, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने के लिए संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।


