27 C
Lucknow
Monday, August 17, 2026

पांचाल घाट पर बड़ा हादसा, एक ही परिवार के तीन समेत चार कांवड़िए गंगा में डूबे

Must read

 

फर्रुखाबाद। सावन के तीसरे सोमवार पर गंगाजल लेने पांचाल घाट पहुंचे कांवड़ियों के साथ सोमवार भोर दर्दनाक हादसा हो गया। शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी एक ही परिवार के तीन युवकों समेत चार कांवड़िए गंगा में स्नान करते समय डूब गए। तेज बहाव और गहरे पानी के कारण देर तक उनका पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार योगेश (17) पुत्र प्रमोद सक्सेना, उसके चाचा विकास (25) पुत्र सोनपाल सक्सेना, चचेरे चाचा कमल (23) पुत्र सत्यपाल तथा गांव के अर्जुन (17) पुत्र राजेश प्रजापति रविवार देर रात करीब दस साथियों के साथ पांच बाइकों से पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सभी उत्तरी बंधे के पास स्नान करने पहुंचे। कुछ साथी बाइकों के पास खड़े रहे, जबकि बाकी लोग गंगा में स्नान करने लगे।इसी दौरान योगेश, विकास, कमल और अर्जुन गहरे पानी की ओर बढ़ने लगे। घाट पर मौजूद साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहराई में जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। कुछ ही देर बाद चारों अचानक पानी में गोते खाने लगे। उन्हें डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तेज बहाव के चलते चारों गंगा में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी लेकर तलाश अभियान तेज कराने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी नदी में उतारा गया। तेज बहाव के कारण तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक चारों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।हादसे की खबर मिलते ही चारों युवकों के परिजन पांचाल घाट पहुंच गए। घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। योगेश हाईस्कूल का छात्र था, जबकि विकास इंटरमीडिएट पास करने के बाद आईटीआई कर रहा था। बताया गया कि परिवार के कुछ युवक पानी-बताशे का ठेला लगाकर परिवार की मदद करते थे।पुलिस के अनुसार गंगा का बहाव तेज होने के कारण श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा था। इसके बावजूद चारों युवक आगे चले गए। क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा ने बताया कि डूबे चारों कांवड़ियों की तलाश लगातार जारी है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि गंगा स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही रहें और तेज बहाव वाले क्षेत्र में जाने से बचें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article