– पांचाल घाट तट और प्रमुख मार्गों का किया भ्रमण
– एसपी समेत प्रशासनिक व पुलिस अमला रहा मौजूद
फर्रुखाबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पांचाल घाट गंगा तट और यात्रा के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने पांचाल घाट पहुंचकर गंगा तट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े बिंदुओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं।
एसपी आरती सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रशासनिक अमला पूरे यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखेगा।


