लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर 16 अगस्त को वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर पूरे उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा।लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में अवंतीबाई जैसी वीरांगनाओं ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और संघर्ष को सम्मान देना जरूरी है।
पीडीए को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने पुराने गठबंधन साथियों पर भी बिना नाम लिए तंज कसा। अखिलेश ने कहा कि सपा ने कई साथियों को सम्मान दिया, लेकिन इसके बावजूद वे साथ छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि अब राजनीतिक दलों से ज्यादा भरोसा जनता पर है।
आईपीएस की मां की हत्या पर भी सरकार को घेरा
अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां की हत्या का मामला सामने आने पर अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पुलिस अधिकारी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।


