सरस डेयरी प्लांट का शिलान्यास
चार नए जिला सहकारी बैंक शुरू
अलवर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर बड़ा ऐलान करते हुए अलवर मेडिकल कॉलेज का नाम अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज करने की घोषणा की। शाह ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उन्हें सुशासन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पोखरण परमाणु परीक्षण के लिए हमेशा याद रखेगा।
शाह ने अलवर में करीब 6,453 करोड़ रुपये की 956 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इसके साथ ही राजस्थान के अन्य जिलों में भी करीब 274 करोड़ रुपये की लागत से चार सरस डेयरी प्लांट शुरू किए गए। फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ में चार नए जिला सहकारी बैंकों की शुरुआत की गई, जहां किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलेगी। विभिन्न योजनाओं के तहत 152 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित किए गए।
अलवर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सरस डेयरी प्लांट का ई-शिलान्यास भी किया गया। इसकी क्षमता प्रतिदिन तीन लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की होगी। शाह ने कहा कि डेयरी से जुड़े पशुपालकों को अब 15 दिन के बजाय सात दिन में दूध का भुगतान उनके बैंक खातों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
जनसभा में शाह ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और विपक्ष के नेता आपसी झगड़े में लगे हैं, जबकि राजस्थान की जनता ने भाजपा को जिताने का मन बना लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय अधिक पेपर लीक हुए, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने मंच से अलवर के भूगोर तिराहे का नाम कप्तान छुट्टन लाल करने की घोषणा भी की। शाह ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी यानी ‘ज्ञान’ को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन का प्रयास किया। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1,500 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहे। भारी भीड़ के चलते शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया और कई मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया गया।


