30 C
Lucknow
Sunday, August 16, 2026

चोरी के मामले में चार गिरफ्तार, कार सहित 59,710 रुपये नकद बरामद।

Must read

नवाबगंज।
थाना नवाबगंज पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 59,710 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही एक सफेद रंग की अर्टिगा कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे क्रॉसिंग मंझना से चलकर बघार पुल के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नवाबगंज की तरफ से आई एक सफेद रंग की अर्टिगा कार को रोककर पुलिस ने चेक किया। कार में चार लोग सवार मिले। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से नकदी बरामद हुई। पुलिस ने वीरेंद्र पुत्र रामप्रसाद निवासी कामर थाना कोसी, जनपद श्योपुर (मध्य प्रदेश), उम्र करीब 40 वर्ष, राजवीर मोमिया पुत्र तेजपाल मोमिया निवासी हेगड़ा थाना कोतवाली नगर श्योपुर, उम्र करीब 35 वर्ष और काजल पत्नी राजवीर मोमिया निवासी हेगड़ा थाना कोतवाली नगर श्योपुर, उम्र करीब 28 वर्ष को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया।
तलाशी के दौरान बाल अपचारी के पास से काले रंग के बैग में 8,110 रुपये, काजल के पास से 19,700 रुपये, राजवीर के पास से 17,300 रुपये और वीरेंद्र के पास से 14,600 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामद नकदी को मुकदमे से संबंधित बताया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 182/26 और 185/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। बरामद अर्टिगा को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना नवाबगंज प्रभारी निरीक्षक जगराम सिंह, उपनिरीक्षक अभिलाख सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article