लखनऊ: उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, लखनऊ के मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर Dr. (Vivek Singh Tomar) द्वारा ध्वजारोहण (Flag hoisting) किया गया। इस अवसर पर बैंक के मुख्य महाप्रबंधक श्री रत्नाकर सिंह जी सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के उपरांत अपने संबोधन में माननीय सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर जी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बैंक का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक बेहतर एवं सुलभ वित्तीय सेवाएं पहुंचाना है। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की विकास की मुख्यधारा में भागीदारी और अधिक बढ़ाने के लिए बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए।
सभापति महोदय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास में सहकारी ग्राम विकास बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंक द्वारा किसानों एवं ग्रामीण जनता को समयबद्ध, पारदर्शी एवं बेहतर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।


