हेल्पेज फाउंडेशन सोसाइटी के आयोजन में महिलाओं ने प्रस्तुत किए नृत्य व मनमोहक झांकियां
फर्रुखाबाद। हरियाली तीज का पावन पर्व हेल्पेज फाउंडेशन सोसाइटी के तत्वावधान में संस्था प्रमुख मोनिका मिश्रा के नेतृत्व में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शंकर और माता पार्वती के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने नृत्य एवं आकर्षक झांकियों की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
हरियाली तीज के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों महिलाएं हरे रंग की चूड़ियों और हरे परिधानों में सजी नजर आईं। महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी रचाई और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान महिलाओं ने माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं द्वारा फल, चाय, समोसा आदि प्रसाद का वितरण भी किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रुचि मिश्रा, मोनिका मिश्रा, रंजना दुबे, सुनीता मिश्रा, सोनल, लवली, दीपिका, राधा, कल्पना, जसोदा, सोनाली, बीना सक्सेना, रीता, रेखा, सीमा, गुड़िया, संगीता, नेमा, शालू, बड़ी, श्वेता और शीला सहित अन्य महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर पर्व मनाने का उद्देश्य महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ना तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने हरियाली तीज की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।


