वीडियो शेयर कर बोले- यह मेरी रोज की दिनचर्या
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह प्रधानमंत्री आवास पर गाय को चारा और मोर को दाना खिलाते नजर आए। करीब 25 सेकेंड की इस वीडियो रील के साथ पीएम ने बताया कि जानवरों और पक्षियों को खाना खिलाना उनकी रोज की दिनचर्या का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि हर सुबह वह अपने इन साथियों को भोजन कराते हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को लाल किला जाने से पहले भी वे उनसे मिलने पहुंचे। पीएम ने लिखा कि शायद जानवरों और पक्षियों को उनके जल्दी रवाना होने का आभास हो गया था, इसलिए वे स्वयं उनसे मिलने आ गए।
प्रधानमंत्री के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है। इससे पहले भी पीएम मोदी समय-समय पर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जीवन और दैनिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा करते रहे हैं।
गौरतलब है कि 6 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस से पहले प्रधानमंत्री ने स्वदेशी और बुनकरों के समर्थन में वीडियो संदेश जारी किया था। वहीं 9 अगस्त को उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का सेल्फी वीडियो भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए “जो खेलेगा, वो खिलेगा” का संदेश दिया था।


