फतेहगढ़, फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अधिवक्ता संघ फतेहगढ़, फर्रुखाबाद के सभागार में गरिमापूर्ण कार्यक्रम एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सदस्य राज्य महिला आयोग मिथिलेश अग्रवाल उपस्थित रहीं। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष किशोर मिश्रा सहित जनपद के सभी न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण तथा जनपद एवं राज्य स्तरीय कवियों ने सहभागिता की।
काव्य गोष्ठी में कवियों ने देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता से ओतप्रोत रचनाओं का पाठ कर वातावरण को देशभक्ति के भाव से भर दिया। अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संघ के प्रभारी सचिव अनूप कुमार तिवारी एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ के सभागार में देशभक्ति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कवियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।


