32.4 C
Lucknow
Thursday, August 13, 2026

पाइप लाइन के लिए खोदी सड़कें बनीं मुसीबत, त्योहार से पहले मरम्मत की मांग

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। अमृत पेयजल योजना के तहत शमशाबाद नगर में पाइप लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गलियों की मरम्मत न होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूखी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों से त्योहारों से पहले क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य तो करा दिया गया, लेकिन खोदी गई सड़कों और गलियों को पूर्व स्थिति में नहीं लाया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “पाइप लाइन तो डलवा दी गई, अब क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों की मरम्मत का कार्य कब होगा?”
नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार आगामी 14 सितंबर से गुमटी महादेव प्रांगण में श्री गणेश महोत्सव के कार्यक्रम शुरू होने हैं। इसके बाद रामलीला महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में नगर की प्रमुख सड़कों और गलियों की खराब हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा जल निगम के अधिकारियों को भेजे गए शिकायती पत्र में मोहल्ला प्रधानियां में भुजंगी के घर से चौहट्टा चौमुखे महादेव मंदिर तक जाने वाले मार्ग का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि पाइप लाइन बिछाने के लिए इस मार्ग को बुरी तरह खोद दिया गया, जिसके बाद सड़क गड्ढों और मलबे में तब्दील हो गई है।
क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण आम नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और भी खराब होने की आशंका है।
नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूखी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों के कारण कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—जल निगम की या प्रशासन की? उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), फर्रुखाबाद को पत्र भेजकर त्योहारों से पहले उबड़-खाबड़ सड़कों और गलियों की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को भी दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article