फर्रुखाबाद। शहर के एक व्यापारी को अच्छा लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 42.90 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। इंस्टाग्राम पर आए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके मोबाइल में दूसरे नंबर का व्हाट्सएप सक्रिय हो गया। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर ठगों ने क्यूआर कोड और बैंक खातों के माध्यम से रकम ट्रांसफर करा ली। एएसपी के आदेश पर साइबर थाना फतेहगढ़ में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज तराई निवासी दीपक ने बताया कि तीन जनवरी को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही एक विज्ञापन चलने लगा। इसी दौरान उसके मोबाइल में अज्ञात नंबर का दूसरा व्हाट्सएप भी सक्रिय हो गया। इस व्हाट्सएप पर एक अन्य लिंक भेजा गया और फोन करके उसे खोलने के लिए कहा गया।
दीपक के अनुसार, लिंक खोलने के बाद आरोपियों ने उसे निवेश में अच्छा लाभ दिलाने का झांसा दिया। इसी दौरान दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने भी इसे फायदे का सौदा बताया और निवेश के नाम पर रकम लगाने के लिए कहा।
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग माध्यमों से रकम ट्रांसफर कराई। दीपक ने अपने तीन बैंक खातों और पिता के खाते से आरटीजीएस, यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिये अलग-अलग खातों में कुल 42 लाख 90 हजार 350 रुपये भेज दिए।
रकम ट्रांसफर करने के बाद जब काफी समय बीतने पर कोई लाभ नहीं मिला और रकम वापस नहीं आई तो दीपक ने आरोपियों से संपर्क किया। आरोपियों ने रकम निकालने के लिए 10 लाख रुपये अतिरिक्त विड्राल चार्ज के नाम पर मांगे। इसके बाद दीपक को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एएसपी से की। एएसपी के आदेश पर साइबर थाना फतेहगढ़ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुनाफे का झांसा देकर व्यापारी से 42.90 लाख रुपये की साइबर ठगी


