लखनऊ: लखनऊ (Lucknow) में लआजादी के महोत्सव के अवसर पर जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट और डॉक्टर हैनीमैन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, न्यू हैदरगंज में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर (free health camp) का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में 1000 से अधिक अभिभावकों, बच्चों और शिक्षकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में रक्त, शुगर, थायराइड और कोलेस्ट्रॉल समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रयोगशाला जांचें निःशुल्क की गईं। इस दौरान मैक्स लैब, एसएफ डायग्नोस्टिक सेंटर और टी.एस. मिश्रा अस्पताल ने सहयोग प्रदान किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने त्वचा रोग, कैंसर, गुर्दे, आंख, दांत, तंत्रिका तंत्र और यकृत से जुड़ी बीमारियों की भी जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री मुरलीधर जी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई सम्मानित पार्षदों के साथ न्यू हैदरगंज के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। आयोजक डॉ आदर्श त्रिपाठी ने कहा, कि “आजादी के इस महोत्सव पर हमारा उद्देश्य है कि सभी लोग स्वस्थ रहें और आगे बढ़ें।” उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं, चिकित्सकों और कंपनियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।


