फर्रुखाबाद। वृद्धजनों के स्वास्थ्य संवर्धन और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार की ओर से निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजन पहुंचे और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें रोगानुसार निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने वृद्धजनों का विधिवत स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद कुल 77 वृद्धजनों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविर का उद्देश्य बुजुर्गों को उनके आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और लंबे समय से चली आ रही बीमारियों के प्रति उन्हें जागरूक करना रहा।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई वृद्धजन विभिन्न मौसमी एवं दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रसित पाए गए। इनमें मुख्य रूप से जुकाम-खांसी, बुखार, गठिया एवं जोड़ दर्द, सायटिका, सांस एवं दमा, उच्च रक्तचाप (बीपी), एलर्जी, रसौली, चर्म रोग, पेट एवं लीवर संबंधी समस्याएं तथा बवासीर जैसी बीमारियां शामिल रहीं।
चिकित्साधिकारी ने प्रत्येक मरीज की समस्या को समझते हुए रोगानुसार उपचार उपलब्ध कराया और स्वास्थ्य को लेकर जरूरी सावधानियां भी बताईं। बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
शिविर के दौरान वृद्धजनों को केवल दवाओं तक सीमित न रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें नियमित योग एवं व्यायाम करने, संतुलित एवं उचित पोषण लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
बारिश और बाढ़ के दौरान विशेष सावधानी की सलाह
बारिश और बाढ़ के मौसम को देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने वृद्धजनों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दूषित पानी से कई तरह की बीमारियां फैल सकती हैं, इसलिए पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पीना चाहिए। इसके साथ ही भोजन करने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथों को उचित तरीके से साफ करने की सलाह दी गई।
वृद्धों की लाठी का सहारा बनी होम्योपैथी, स्वास्थ्य शिविर में 77 बुजुर्गों का हुआ निःशुल्क उपचार


