शमशाबाद, फर्रुखाबाद। सावन के दूसरे सोमवार को ढाई घाट गंगा तट पर सात वर्षीय बिहान भारद्वाज की मासूम प्रार्थना ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। रावत टोला निवासी कक्षा दो का छात्र बिहान अपने पिता पप्पन भारद्वाज, भाई बल्लू और बहन खुशी के साथ गंगा तट पहुंचा था।
गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के बाद बिहान ने आंखें बंद कर प्रार्थना की—“हे भोलेनाथ, हमें हमेशा अच्छे नंबरों से पास करना, जिससे हम बड़े होकर डॉक्टर बन सकें।” उसकी बात सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे आशीर्वाद दिया।
बिहान के पिता परचून के सामान की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति भले ही सीमित हो, लेकिन बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने देंगे। बिहान के शिक्षक उसे मेहनती और जिज्ञासु छात्र बताते हैं। पिता की इच्छा है कि उनका बेटा डॉक्टर बनकर गरीबों का निशुल्क इलाज करे।
“हे भोलेनाथ, हमें डॉक्टर बना दो…” गंगा तट पर सात साल के बिहान की मासूम प्रार्थना ने जीता लोगों का दिल


