फर्रुखाबाद। कंपिल थाना क्षेत्र के अर्जुन नगला गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भैंस चराने गए 71 वर्षीय वृद्ध का शव बूढ़ी गंगा में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
अर्जुन नगला निवासी महेश यादव (71) रविवार दोपहर भैंस चराने के लिए घर से खेतों की ओर गए थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास के खेतों, रास्तों और संभावित स्थानों पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रिश्तेदारों और ग्रामीणों से भी वृद्ध के बारे में पूछताछ की गई।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बूढ़ी गंगा में एक वृद्ध का शव पड़ा देखा। शव की जानकारी गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों को सूचना दी गई तो उन्होंने पहुंचकर शव की पहचान महेश यादव के रूप में की। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर कंपिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।
वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि परिजनों की ओर से किसी तरह की आशंका या आरोप की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई गई है। पोस्टमार्टम न कराए जाने के कारण मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है।


