देर रात तक गूंजते रहे बम-बम भोले के जयकारे
फर्रुखाबाद। सावन के दूसरे सोमवार से पहले रविवार रात पांचाल घाट गंगा तट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जनपदों से हजारों कांवड़िए गंगाजल भरने के लिए पहुंचे। देर रात तक घाट और आसपास के क्षेत्र में कांवड़ियों की भारी भीड़ बनी रही।
पांचाल घाट चौराहे से करीब 500 मीटर तक सड़क के दोनों ओर डीजे लगे वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। गाजे-बाजे के साथ पहुंचे कांवड़ियों के चलते पूरा क्षेत्र बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पवित्र जल भरा और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। अधिकांश कांवड़िए लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर के लिए जल लेकर गए, जबकि कई जत्थे अपने क्षेत्र के शिवालयों की ओर रवाना हुए।
घाट के आसपास लगी दुकानों पर भी कांवड़ियों की भीड़ नजर आई। एटा के अलीगंज क्षेत्र के मंगदपुर गांव निवासी राघवेंद्र सिंह करीब 50 लोगों के जत्थे के साथ पांचाल घाट पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका गांव घाट से करीब 60 किलोमीटर दूर है और वे गंगाजल लेकर गांव के प्रसिद्ध भोलेनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पांचाल घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, नाव, नाविक और गोताखोरों की तैनाती की गई। पुलिसकर्मी घाटों पर लगातार निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के अंदर ही गंगा स्नान करने की हिदायत दी गई। लाउड हेलर के माध्यम से भी लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग पार न करने की अपील की जाती रही।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों का आवागमन रोककर रूट डायवर्जन लागू किया गया। इटावा-बरेली हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ नागरिक पुलिस की भी तैनाती की गई। अलग-अलग मार्गों पर कांवड़ियों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई।
एसपी ने देर रात पहुंचकर लिया जायजा
कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह देर रात करीब 12 बजे के बाद पांचाल घाट पहुंचीं। उन्होंने घाट और आसपास तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी देखी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।


