नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का एक वीडियो भी साझा किया। इसमें वे स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज साक्षी चौधरी समेत अन्य खिलाड़ियों के साथ नजर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने देशवासियों से भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान करते हुए “भारत माता की जय” का उद्घोष भी किया।
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक जीते। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा।
भारतीय दल की सफलता में मुक्केबाजी का सबसे बड़ा योगदान रहा। मुक्केबाजों ने सात स्वर्ण और तीन रजत समेत कुल 10 पदक जीते। इसके अलावा एथलेटिक्स में 10, भारोत्तोलन में आठ, पैरा एथलेटिक्स में छह, जूडो में चार और पैरा पावरलिफ्टिंग में एक पदक भारत के खाते में आया।
प्रधानमंत्री इससे पहले भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाते रहे हैं। खिलाड़ियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात को उत्साहवर्धक बताया।


