फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य थे सवार, झटके से कई यात्रियों व क्रू को चोटें
नई दिल्ली। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की AI2379 फ्लाइट में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट कम हो गई। अचानक ऊंचाई गिरने से विमान में सवार यात्रियों और क्रू सदस्यों को झटका लगा, जिससे कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। घटना के दौरान पायलटों ने स्थिति को संभाल लिया और विमान को सुरक्षित दिल्ली में लैंड कराया गया।
घटना के बाद दोनों पायलटों का psychoactive-substance स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पायलट-इन-कमांड के टेस्ट में आगे कन्फर्मेटरी एनालिसिस की आवश्यकता बताई गई है। दोनों पायलटों के नमूने निर्धारित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो ने घटना को ‘सीरियस इंसिडेंट ’ घोषित किया है। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को रोस्टर से हटा दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक पायलटों के खिलाफ अंतिम कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। घटना के दौरान विमान में वास्तव में क्या तकनीकी या परिचालन कारण सामने आया, इसकी जांच जारी है।


