तेहरान। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का युद्ध के बाद पहली बार वीडियो सामने आया है। ईरानी न्यूज एजेंसी मेहर की ओर से जारी वीडियो में वह लोगों के बीच बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
मुजतबा के लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने के कारण उनकी सेहत को लेकर कई दावे किए जा रहे थे। इजराइली मीडिया ने उनकी हालत गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने का दावा किया था। उनकी मौत की आशंका तक जताई गई थी।
अब वीडियो सामने आने से इन दावों पर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद 56 वर्षीय मुजतबा ईरान के नए सुप्रीम लीडर बने हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद से वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आए थे और उनके नाम से केवल लिखित संदेश जारी किए गए थे।
मुजतबा की सेहत को लेकर ईरान पहले भी विदेशी मीडिया के दावों को खारिज कर चुका है। ताजा वीडियो के बाद उनकी स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।


