लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के नाका-हिंडोला थाना इलाके के राजेंद्रनगर में घरेलू विवाद के बाद एक पति द्वारा अपनी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना आज शनिवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। महिला के मुताबिक, पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल (injured) हो गई।
पीड़ित महिला की पहचान रीना के रूप में हुई है। घायल रीना को उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का आरोप है कि पति ने लाठी-डंडों से उसे बुरी तरह पीटा और घटना के बाद मौके से फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक, मारपीट में रीना के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन परिजनों ने बलरामपुर अस्पताल में इलाज शुरू करने में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल महिला दर्द से परेशान रही, जबकि इलाज के लिए डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ा। पुलिस ने जब मामले में दखल दिया तब जाकर मामले की कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए उपचार शुरू किया गया।
घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने नाका-हिंडोला थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पति की तलाश की जा रही है।


