33.8 C
Lucknow
Saturday, August 8, 2026

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक विजिलेंस के हत्थे चढ़े

Must read

 

पैमाइश के नाम पर मांगी थी घूस, हंडिया तहसील के राजस्व निरीक्षक समेत निजी सहयोगी गिरफ्तार

प्रयागराज। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस प्रयागराज की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हंडिया तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक के एक निजी सहयोगी राजेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता से भूमि की पैमाइश कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान शास्त्री भवन से राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी को गिरफ्तार किया गया। टीम ने मौके से उसके सहयोगी राजेश कुमार को भी हिरासत में ले लिया, जिस पर रिश्वत लेने की प्रक्रिया में सहयोग करने का आरोप है।

विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विजिलेंस की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने दोहराया है कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने या लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article