सरकारी भवन में रंगारंग कार्यक्रम से मचा बवाल
कन्नौज। जिले के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के चठिया गांव में स्थित पंचायत भवन में आयोजित कथित रंगारंग कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में पंचायत भवन परिसर में बार-बालाओं के डांस का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद सरकारी भवन के उपयोग और स्थानीय जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तेज संगीत के बीच डांस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सरकारी संपत्ति के इस तरह उपयोग पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन का निर्माण सरकारी योजनाओं के संचालन, ग्राम पंचायत की बैठकों और जनहित के कार्यों के लिए किया गया है, न कि ऐसे आयोजनों के लिए।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पंचायत भवन में इस प्रकार का आयोजन हुआ है, तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि इसकी अनुमति किसने दी और कार्यक्रम के दौरान जिम्मेदार अधिकारी या ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि क्या कर रहे थे।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


