लखनऊ। पीसीएस, आरओ/एआरओ और बीईओ परीक्षा की तैयारी कर रहे आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। अभ्यर्थियों ने कोरोना काल, पाठ्यक्रम में बदलाव और नई सेवा भर्ती नियमावली के कारण परीक्षा में अवसर गंवाने का हवाला देते हुए अतिरिक्त अवसर देने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने अखिलेश यादव को दिए ज्ञापन में पीसीएस परीक्षा में दो अतिरिक्त अवसर, जबकि आरओ/एआरओ और बीईओ परीक्षा में एक अतिरिक्त अवसर देने की मांग की। उनका कहना है कि कोरोना काल के दौरान पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां प्रभावित हुईं। इसके बाद पीसीएस पाठ्यक्रम में वर्ष 2023 से 2025 के बीच व्यापक बदलाव होने के कारण उन्हें नए पाठ्यक्रम के अनुसार दोबारा तैयारी करनी पड़ी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2026 की नई सेवा भर्ती नियमावली का लाभ भी उन युवाओं को नहीं मिल पा रहा है, जो इन परिस्थितियों के कारण निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से वर्षों की मेहनत और भविष्य को देखते हुए विशेष अवसर देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं की इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।


